उत्तर प्रदेश

अयोध्या और बस्ती में आपदा से प्रभावित परिवारों से मिले जनपद के प्रभारी मंत्री

24 घंटे के भीतर पीड़ित परिवारों को सौंपे चार-चार लाख रुपये के चेक

अयोध्या और बस्ती में आपदा से प्रभावित परिवारों से मिले जनपद के प्रभारी मंत्री

24 घंटे के भीतर पीड़ित परिवारों को सौंपे चार-चार लाख रुपये के चेक

प्रदेश के हर नागरिक के सुख-दुःख में ढाल बनकर खड़ी है योगी सरकार: कृषि मंत्री

लखनऊ, 27 सितम्बर, 2026

प्रदेश में विगत दिवस आई तेज आंधी-पानी व प्राकृतिक आपदा की सूचना मिलते ही जनपद के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही तत्काल पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देशों के क्रम में राज्य सरकार की संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए उन्होंने संकट की इस घड़ी में शोकाकुल परिजनों के बीच पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया और मात्र 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों को दैवीय आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये के सांकेतिक चेक सौंपे। प्रभारी मंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार हर नागरिक के सुख-दुःख में एक अभिभावक के रूप में पूरी मजबूती के साथ खड़ी है, साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी प्रभावितों को अविलंब हर संभव राहत व सहायता उपलब्ध कराई जाए।
प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि के तहत जनपद अयोध्या में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण कुल चार व्यक्तियों का असामयिक निधन हुआ। इसमें तहसील सोहावल के ग्राम शिवदासपुर, शुक्ला का पुरवा (विकास खण्ड मसौधा) निवासी 18 वर्षीय श्री आकाश वर्मा पुत्र श्री रामसजीवन वर्मा, तहसील मिल्कीपुर निवासी 12 वर्षीय श्री आर्यन पुत्र श्री श्याम सुन्दर तथा तहसील रूदौली निवासी 76 वर्षीय श्री रामस्वरूप पुत्र श्री जग्गूराम एवं 40 वर्षीय श्री धर्मराज पुत्र श्री मलिकराम शामिल हैं, जिनकी जान पेड़ गिरने से चली गई। प्रभारी मंत्री द्वारा सर्किट हाउस अयोध्या में तहसील सोहावल के मृतक श्री आकाश वर्मा तथा तहसील रूदौली के मृतक श्री रामस्वरूप एवं श्री धर्मराज के परिजनों को 4-4 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। इसी प्रकार जनपद बस्ती के अंतर्गत तहसील बस्ती सदर के ग्राम चौबाह निवासी मृतक श्री मोतीराम (आंधी में छप्पर गिरने से निधन) की पत्नी श्रीमती कैलाशा देवी तथा ग्राम बलुआ परगना महुली पश्चिम निवासी मृतक प्रशांत पुत्र घनश्याम (सर्पदंश से मृत्यु) की माता श्रीमती मीरा देवी को सर्किट हाउस बस्ती में 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक सौंपे गए।

कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा, सेवा और सहायता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि राज्य में कहीं भी दैवीय अथवा प्राकृतिक आपदा की स्थिति में प्रभावितों एवं पीड़ित परिवारों को अविलंब राहत, चिकित्सीय सुविधा और आर्थिक संबल उपलब्ध कराया जाए। सरकार जनता के प्रति सदैव संवेदनशील रहते हुए हर परिस्थिति में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। इस दौरान अयोध्या सर्किट हाउस में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राधेश्याम त्यागी, माननीय विधायक श्री वेद प्रकाश गुप्ता, माननीय विधायक श्री राम चंद्र यादव, माननीय महापौर श्री गिरीशपति त्रिपाठी तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री कृष्ण कुमार सिंह उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button