बिहार

पटना साइंस कॉलेज परिसर में स्थापित होगा ‘यूनिवर्सिटी ऑफ फिजिक्स एंड साइंसेज’: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना, 28 जून 2026।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना साइंस कॉलेज का निरीक्षण किया और परिसर के समग्र विकास के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घोषणा की कि पटना साइंस कॉलेज परिसर में ‘यूनिवर्सिटी ऑफ फिजिक्स एंड साइंसेज’ की स्थापना की जाएगी। यह विश्वविद्यालय भौतिकी और विज्ञान के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, नवाचार तथा अत्याधुनिक अनुसंधान का प्रमुख केंद्र होगा, जिससे विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को विश्वस्तरीय शैक्षणिक एवं अनुसंधान सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना साइंस कॉलेज की गौरवशाली शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक परंपरा रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य इस ऐतिहासिक संस्थान को पुनः विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी संस्थान के रूप में विकसित करना है। इसके लिए विश्वविद्यालय की स्थापना और पूरे परिसर के विकास हेतु समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर में आधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुसंधान केंद्र, उन्नत शैक्षणिक अवसंरचना तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे बिहार विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सके। साथ ही कॉलेज की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, छात्रावास और खेल मैदानों की सुविधाओं में सुधार करने तथा इसके लिए शीघ्र विशेष टीम भेजने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। पटना साइंस कॉलेज परिसर में बनने वाली यह यूनिवर्सिटी केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए ज्ञान, अनुसंधान और वैज्ञानिक उत्कृष्टता का प्रमुख केंद्र बनेगी।

निरीक्षण के दौरान कॉलेज प्रशासन ने मुख्यमंत्री को संस्थान की वर्तमान व्यवस्थाओं और विकास संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पटना कॉलेजिएट स्कूल का भी निरीक्षण किया और उसे मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button