बाढ़ पीड़ितों की मदद को मैदान में उतरी टीम लखनऊ
फैजुल्लागंज में राहत अभियान तेज,टीम लखनऊ ने संभाला मोर्चा
मुर्तुजा अली के नेतृत्व में हुई बैठक, बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का किया दौरा, राशन, दवाइयां और भोजन उपलब्ध कराने की तैयारी
मुसीबत में अपने शहर के लोगों के साथ खड़ी है टीम लखनऊ:मुर्तुजा अली
लखनऊ। शहर में बाढ़ और जलभराव से प्रभावित लोगों की मदद के लिए टीम लखनऊ के संरक्षक मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की अपील पर टीम सक्रिय हो गई है। फैजुल्लागंज में पीड़ित परिवारों तक राहत पहुंचाने के उद्देश्य से अध्यक्ष मुर्तुजा अली के नेतृत्व में विकास नगर स्थित वरिष्ठ समाजसेवी शहजादे कलीम के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसके साथ ही टीम के सदस्यों ने आज बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया और प्रभावित लोगों की जरूरतों को समझने का प्रयास किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए राशन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामग्री एकत्रित कर वितरित की जाएगी। साथ ही जरूरतमंदों को नियमित भोजन उपलब्ध कराने के लिए समाजसेवी अमीर खालिद साहब के फैजुल्लागंज स्थित मदरसे में कम्युनिटी किचन शुरू करने की योजना बनाई गई, ताकि स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित परिवारों को मदद मिल सके।
टीम लखनऊ के अध्यक्ष मुर्तुजा अली ने कहा, “लखनऊ हमारा अपना शहर है और यहां के लोग हमारा परिवार हैं। फैजुल्लागंज में बाढ़ और जलभराव से परेशान लोगों की मदद करना हमारा फर्ज है। हमारा प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार भोजन, दवा और आवश्यक सामग्री के अभाव में परेशान न हो। टीम के सदस्य स्वयं प्रभावित इलाकों में पहुंचकर जरूरतों का जायजा लेंगे और अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव सहायता पहुंचाएंगे। मैं शहरवासियों और सामाजिक संगठनों से भी अपील करता हूं कि इस कठिन समय में आगे आकर पीड़ितों की मदद करें।”
टीम के सदस्यों ने क्षेत्र के दौरे के दौरान प्रभावित लोगों की समस्याओं को समझने और जरूरत के मुताबिक राहत सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में आई भीषण बाढ़ के दौरान भी टीम लखनऊ ने प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई थी। अब अपने ही शहर के फैजुल्लागंज क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए टीम ने एक बार फिर मदद का बीड़ा उठाया है।
बैठक में अध्यक्ष मुर्तुजा अली, कोषाध्यक्ष,जुबेर अहमद, महासचिव वामिक खान, मीडिया प्रभारी अब्दुल वहीद, कोषाध्यक्ष कुदरत उल्ला खान, संस्थापक सदस्य शहजादे कलीम, वरिष्ठ सदस्य जसबीर गांधी, सक्रिय सदस्य बदरुल हसन, मो. कैफ और मो. इदरीस सहित टीम के अन्य सक्रिय सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर बाढ़ पीड़ितों की सेवा करने और जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने का संकल्प लिया।


