बिहार

राज्य और केंद्र के सहयोग से बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा : सम्राट चौधरी

पटना, 17 जून 2026।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में किसानों की समृद्धि, ग्रामीण बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार के सहयोग से बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा बिहार के विकास के लिए दिए जा रहे सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रमुख निर्णय

  • ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाली महत्वाकांक्षी Viksit Bharat Gram (VBG) योजना आगामी 1 जुलाई 2026 से पूरी तरह लागू की जाएगी।
  • मनरेगा की सभी लंबित राशि का भुगतान केंद्र सरकार के सहयोग से 30 जून 2026 से पहले सुनिश्चित किया जाएगा।
  • कृषि क्षेत्र में नवाचार और उत्पादकता बढ़ाने के लिए राज्य में प्याज, टमाटर, आम आदि कृषि उत्पादों के लिए उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence) स्थापित किए जाएंगे।
  • बिहार के किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए राज्य के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ा जाएगा।
  • बिहार कृषि रोडमैप को अपनाने वाला देश का पहला राज्य रहा है। अब एकीकृत खेती (Integrated Farming) को बढ़ावा देकर बिहार को इस क्षेत्र में मॉडल राज्य बनाया जाएगा।
  • जीविका दीदियों को लखपति दीदी बनाने की योजना पर तेजी से कार्य किया जाएगा। इस अभियान में बिहार देश में प्रथम स्थान पर है।

प्रधानमंत्री आवास योजना पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) 2.0 के तहत बिहार में बड़ी संख्या में पात्र परिवारों की पहचान की गई है। राज्य सरकार का प्रयास है कि सभी पात्र गरीब परिवारों को शीघ्र पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीण आवास निर्माण की प्रक्रिया को और गति दी जाएगी।

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं। ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों के विपणन के लिए आयोजित सरस मेलों को भी केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा।

कृषि और बागवानी क्षेत्र में नए प्रयास

बैठक में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना, बागवानी उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बागवानी की अपार संभावनाएं हैं और मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मखाना बोर्ड के गठन की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी।

केंद्र सरकार का पूर्ण सहयोग

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए सभी विषयों पर सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बिहार के कृषि एवं ग्रामीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग देती रहेगी।

बैठक में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, कृषि विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित भारत सरकार के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button