उत्तर प्रदेश

12 वर्षों में देश ने आत्मनिर्भरता, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में बनाई नई पहचान

उ0प्र0 प्रधानमंत्री के प्रेरक नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन में ’विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप ’विकसित उत्तर प्रदेश’ के निर्माण हेतु पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा तथा राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देता रहेगा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं जनकल्याण को समर्पित 12 वर्षों के सफलतम कार्यकाल के पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने पत्र लिखकर समस्त प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें अनन्त शुभकामनाएं दीं हैं। प्रधानमंत्री को प्रेषित पत्र में मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया है कि उनके यशस्वी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था का अद्भुत संगम बन कर उभरा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया है कि उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री के प्रेरक नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन में ’विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप ’विकसित उत्तर प्रदेश’ के निर्माण हेतु पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा तथा राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर श्रीरामलला का विराजमान होना, श्री काशी विश्वनाथ धाम के सफल पुनरोद्धार आदि के साथ ही, ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के प्रधानमंत्री जी के मूल मंत्र ने विगत 12 वर्षों में भारत के विकास को नई दिशा, नई गति और नया विश्वास प्रदान किया है। राष्ट्र ने सेवा, सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। इसी प्रेरणा से उत्तर प्रदेश भी जनकल्याण, सुशासन और समावेशी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ अर्जित करते हुए ’विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने लिखा है कि प्रधानमंत्री जी के प्रेरक नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश के करोड़ों नागरिकों तक पहुँचा है। स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत प्रदेश में लगभग 03 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लगभग 65 लाख परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराये गये हैं। आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत लगभग 10 करोड़ पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के माध्यम से लगभग 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से 1.86 करोड़ महिलाओं को धुएँ से मुक्ति मिली है। साथ ही, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्रदेश के 03 करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्वॉयल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा अन्य किसान हितैषी कार्यक्रमों ने कृषि उत्पादन, उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। मिशन रोजगार के अन्तर्गत 09 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की गई है। वहीं कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से 25 लाख युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण एवं प्लेसमेण्ट उपलब्ध कराए गए हैं। निवेश आधारित औद्योगिक विकास, एम0एस0एम0ई0, ओ0डी0ओ0पी0, स्टार्टअप तथा स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में 03 करोड़ से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित हुए हैं, जिससे युवा शक्ति प्रदेश की विकास यात्रा की प्रमुख भागीदार बनी है।

मुख्यमंत्री जी ने अपने पत्र में प्रदेश में हुए अवस्थापना सुविधाओं के विकास की चर्चा करते हुए उल्लेख किया है कि प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। दिल्ली-मेरठ 12-लेन एक्सप्रेस-वे, दिल्ली-मेरठ नमो भारत (आर0आर0टी0एस0), देश का प्रथम इनलैण्ड वाटर-वे, उत्तर प्रदेश से होकर गुजरने वाले ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, वंदे भारत एवं नमो भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की हैं। आज उत्तर प्रदेश अपनी विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे श्रृंखला के कारण देशभर में ’एक्सप्रेस-वे प्रदेश’ के रूप में स्थापित हो चुका है। स्मार्ट सिटी मिशन, आधुनिक हवाई अड्डों, मेट्रो परियोजनाओं, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क तथा औद्योगिक कॉरिडोर के विकास ने निवेश, व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाई दी है।

मुख्यमंत्री जी ने पत्र में उल्लिखित किया है कि प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में रूल ऑफ लॉ की स्थापना हुई है। आज प्रदेश माफिया-मुक्त, दंगा-मुक्त और भयमुक्त वातावरण की पहचान बना चुका है। व्यापारी, निवेशक, उद्योगपति तथा मातृशक्ति स्वयं को सुरक्षित अनुभव कर रहे हैं। बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश-अनुकूल वातावरण ने उत्तर प्रदेश को देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में स्थापित किया है। इन प्रयासों का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2017 की तुलना में लगभग तीन गुना हो चुकी है। प्रति व्यक्ति आय में लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है तथा बेरोजगारी दर लगभग 18 प्रतिशत से घटकर लगभग 03 प्रतिशत के स्तर पर आ गई है। उत्तर प्रदेश आज वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तीव्र गति से अग्रसर है तथा ’विकसित भारत’ के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button