अपराध

यक्ष ऐप की सहायता से जौनपुर पुलिस ने कुछ ही घंटों में लूट की घटना का किया सफल अनावरण

पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश  राजीव कृष्ण के नेतृत्व में परिकल्पित एवं विकसित यक्ष ऐप राज्य में स्मार्ट पुलिसिंग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण तकनीकी नवाचार के रूप में उभर रहा है।
इस एप्लीकेशन का औपचारिक शुभारंभ *माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश* द्वारा “पुलिस मंथन” कार्यक्रम के दौरान किया गया था, जो तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राज्यव्यापी अपराधियों के डिजिटल डाटाबेस, स्थान आधारित सीसीटीवी कैमरों की पहचान तथा त्वरित विश्लेषणात्मक उपकरणों जैसी विशेषताओं से सुसज्जित यक्ष ऐप पुलिस इकाइयों को अपराधों के शीघ्र अनावरण एवं विवेचना में अत्यंत प्रभावी सहयोग प्रदान कर रहा है।
जनपद जौनपुर का एक हालिया उदाहरण यह दर्शाता है कि किस प्रकार यक्ष ऐप ने गंभीर अपराध के शीघ्र अनावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दिनांक 11 मार्च 2026 को जनपद जौनपुर में लूट की घटना के साथ गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई (अपराध संख्या 50/2026, धारा 309(4) एवं 109(1) बीएनएस)।
घटना की सूचना मिलते ही जौनपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की तथा विवेचना के दौरान यक्ष ऐप की तकनीकी क्षमताओं का प्रभावी उपयोग किया।
*विवेचना के दौरान उठाए गए प्रमुख कदम*
• यक्ष ऐप की सहायता से पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की त्वरित पहचान की।
• पुलिस टीमों द्वारा इन कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिससे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं घटना से पहले और बाद में अपराधियों के संभावित मार्ग का पता चला।
• मार्ग विश्लेषण के आधार पर तीन संभावित थाना क्षेत्रों की पहचान हुई, जहाँ से अपराधियों के आने की संभावना थी—थाना केराकत, थाना चंदवक तथा थाना गौराबादशाहपुर।
• यक्ष ऐप के डाटाबेस के माध्यम से इन तीनों थाना क्षेत्रों में पूर्व में लूट व छिनैती के मामलों में संलिप्त 232 अपराधियों का विवरण प्राप्त किया गया।
• इन संदिग्ध व्यक्तियों के फोटो एवं हुलिये पीड़ित को दिखाए गए, जिसके आधार पर कुछ ही घंटों के भीतर लूट की घटना में शामिल तीन अपराधियों की सटीक पहचान कर ली गई।
• यक्ष ऐप में अपराधियों के मल्टी-एंगल फोटोग्राफ उपलब्ध होने के कारण पीड़ित के लिए आरोपियों की पहचान करना अत्यंत आसान हो गया।
उल्लेखनीय है कि घटना लगभग रात्रि 9:00 बजे हुई थी और मात्र तीन घंटे के भीतर तीनों अभियुक्तों की पहचान कर ली गई।
तत्पश्चात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ ही लूटी गई काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP 62 AW 6194) तथा पीड़ित का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।
*यक्ष ऐप की प्रमुख विशेषताएँ*
• पुलिस इकाइयों के लिए उपलब्ध राज्यव्यापी अपराधियों का डिजिटल डाटाबेस
• त्वरित साक्ष्य संकलन हेतु सीसीटीवी कैमरों का स्थान आधारित मानचित्रण
• प्रत्येक अपराधी को दिया गया यूनिक क्रिमिनल आईडी, जिससे जिलों के बीच सूचनाओं का सहज आदान-प्रदान संभव
• सटीक पहचान के लिए अपराधियों के मल्टी-एंगल फोटोग्राफिक रिकॉर्ड
*पारंपरिक रजिस्टर से डिजिटल पुलिसिंग की ओर*
• पूर्व में किसी अपराध की घटना के बाद विवेचकों को संबंधित क्षेत्र के पुराने अपराधियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए थानों में संचालित विलेज क्राइम नोट बुक (रजिस्टर संख्या–08) पर निर्भर रहना पड़ता था।
• यक्ष ऐप के माध्यम से अब विवेचक राज्यभर के अपराधियों का डाटा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तुरंत प्राप्त कर सकते हैं, जिससे विवेचना की गति और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
*पुलिस महानिदेशक उ०प्र०राजीव कृष्ण का वक्तव्य*
• “जौनपुर की लूट की घटना का सफल अनावरण इस बात का उदाहरण है कि तकनीक किस प्रकार पुलिसिंग में फोर्स मल्टीप्लायर की भूमिका निभा सकती है।
• माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस ऐसी पुलिसिंग व्यवस्था की ओर अग्रसर है, जहाँ पारंपरिक पुलिसिंग और आधुनिक तकनीक साथ-साथ आगे बढ़ रही हैं।
• जहाँ एक ओर हमारे पुलिसकर्मी सड़कों पर फुट पेट्रोलिंग और ग्राउंड इंटेलिजेंस को सशक्त बना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें यक्ष ऐप जैसे अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म और एआई आधारित उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है।
• राज्यव्यापी अपराधी डाटाबेस, सीसीटीवी मैपिंग और विश्लेषणात्मक क्षमताओं के माध्यम से यह ऐप अधिकारियों को कुछ ही मिनटों में अपराध की कड़ियों को जोड़ने में सक्षम बनाता है।
• उत्तर प्रदेश पुलिस विज़िबल पुलिसिंग और इंटेलिजेंट पुलिसिंग के इन दो स्तंभों पर आगे बढ़ते हुए तेज़ अपराध अनावरण और नागरिकों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
पुलिस महानिदेशक  द्वारा डीआईजी रेंज वाराणसी वैभव कृष्ण, पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह एवम् उनकी समस्त पुलिस टीम को इस केस के सफल वर्कआउट के लिए बधाई दी गई  है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button