दीपावली के अवसर पर गोरखपुर के वनटांगिया गांव को सीएम योगी ने दी 133 परियोजनाओं की सौगात

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की चाबी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का चेक, कृषि विभाग के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र तथा स्वास्थ्य विभाग का आयुष्मान कार्ड, पशुपालन विभाग द्वारा स्वीकृति पत्र, जिला औद्योगिक विकास मिशन का प्रमाण पत्र तथा निःशुल्क बीज पात्र लाभार्थियों को वितरित किये। मुख्यमंत्री जी ने स्टाॅलों का अवलोकन के उपरान्त गांव का भ्रमण भी किया। मुखिया रामगनेश के घर पर जाकर उनके घर के बाहर सजाई गई रंगोली के बीच दीप प्रज्वलित कर गांववासियों के लिए दीपोत्सव का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि यह उत्साह एंव उमंग का आयोजन कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए दीपोत्सव के रूप में हम सबके सामने आता है। अयोध्या के दीपोत्सव का देश व दुनिया प्रत्यक्ष व प्ररोक्ष रूप में साक्षी बना। यह अयोध्या वही अयोध्या है जिसे विदेशी आक्रांताओं ने अपमानित किया था। आज वही अयोध्या है एक भव्य एवं दिव्य अयोध्या देश दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। दीपावली के अवसर पर अयोध्या के माध्यम से दीप महोत्सव का आयोजन न केवल अयोध्या बल्कि पूरी दुनिया अवलोकित करती है। यह पहचान अयोध्या धाम मात्र की नही है, बल्कि पूरे भारत की बन गयी है, उत्साह और उमंग का आनंद इससे अच्छा क्या हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की अयोध्या बाटती नही बल्कि जोड़ती है, भगवान श्रीराम के आदर्शों का पालन करती है। अब अयोध्या में निषाद राज के नाम पर रैन बसेरा, महर्षि बाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट, माता शबरी के नाम पर भोजनालय, सर्वाधिक भजन गाने वाली लता मंगेशकर के नाम पर लता चैराहा और दक्षिण भारत में जन-जन तक भगवान राम के भजन को पहुंचाने वाले संतों की प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं। आज अयोध्या धाम में श्रीराम जन्मभूमि पर महर्षि वाल्मीकि का मंदिर, महर्षि विश्वामित्र का मंदिर, महाकवि तुलसीदास जी का मंदिर बन गया है। आज अयोध्या में शंकराचार्य, रामानुजाचार्य जैसे संतों के नाम पर द्वार बने हैं। आज अयोध्या धाम देश दुनिया में अपनी पहचान बना रही है और दुनिया की पहली सोलर सिटी अयोध्या में सूर्य की किरणों से बिजली दी जा रही है। यह एक भव्य दीपोत्सव है, यह दीपावली नये भारत के नये उत्तर प्रदेश की दीपावली का दिव्य दर्शन दुनिया को करा रही है। यह हमारी समृद्धि, सुशासन का प्रतीक भी है और आज उसी दीपावली पर अपनी खुशियां व्यक्त करने और सबको जोड़ने के लिए वनटांगिया गांव मे हम सब उपस्थित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व और त्यौहारों के पीछे का ध्येय यही है कि जहां तक उजाला न पहुंचे वहा पर हम सब एक दीप जलाने के लिए खड़े होंगे। जहां गरीबों के पास सभी प्रकार का अभाव है हम भी उनके पास दीप, मिष्ठान लेकर जायें और दीपावली के अवसर पर उनकी खुशियों में शामिल होंगे तो यह पर्व और त्योहार नये उमंग के साथ नये भारत को विकसित भारत बनाने में देर नही लगायेगा। हमारी युवा शक्ति आज सक्षम है, हमारी ताकत हमारे सुशासन में होगी, हमारी ताकत हमारी राष्ट्रीयता में समर्पित होगी। एक दिया में समाज के लिए समृद्धि, संवेदना झलकनी चाहिए और हमारी समृद्धि में हमारे देश की स्वदेशी माटी की झलक भी दिखाई देनी चाहिए और यह स्वदेशी माटी का रास्ता और कहीं से नहीं बल्कि वह तो इन्ही क्षेत्रों में निकलता है जहां पर आज हम खड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 15 वर्ष पूर्व वनटांगिया गांव में जब मैं आता था तो यहां पर अभाव ही अभाव था, यहां पर न तो सड़क थी न बिजली, न पीने के लिए शुद्ध पानी, न विद्यालय और नही मकान थे। आज यहां पर समृद्धि देखने को मिल रही है, आज यहंा सड़के, बिजली, पक्का मकान, विद्यालय, पेयजल, आंगनवाड़ी केन्द्र सहित सभी सुविधाएं मिल रही है। यहां के हर परिवार के पास राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन की सुविधा उपलब्ध है। हर एक के पास जमीन भी है। उन्होंने कहा कि अब वन गांव के किसान एफ0पी0ओ0 में रजिस्टर्ड है। आज यहां के किसान सब्जियों का उत्पादन करते है और गोरखपुर शहर तक पहुंचाकर अच्छा मुनाफा भी कमा रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में यह तय किया है कि जितने भी वनवासी, गिरवासी तथा जनजाति समुदाय के क्षेत्र है उनको सभी प्रकार की सुविधाओं से आच्छादित करेंगे। इसी कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश की जनजाति समुदाय जैसे मुसहर, कोली, थारू, सहरिया, गौड़, चेरू, बुक्सा इन सभी जातियों को हर प्रकार की सुविधाओं से आच्छादित करके गरीबी रेखा से उपर उठाकर समृद्धि को उनके द्वार तक लेकर जा रहे हैं। इस संकल्प के साथ पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम चल रहे हैं। इस कार्यक्रम में आप सभी सहभागी बन सकते है, उन परिवारों को शासन की योजनाओं के साथ जोड़कर हर परिवार को स्वावलम्बी बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा क्या होती है, कानून का राज क्या होता है आज उत्तर प्रदेश ने उस मानक का आयाम गढ़ा है, उत्तर प्रदेश आज उसका प्रतीक बना है। आने वाले समय में हम इससे बेहतर प्रदर्शन करने में सफल होंगे। इस विश्वास के साथ आज सबसे आग्रह है कि जो भी यहां आये है, दीपावली पर्व की खुशी तभी उत्साहपूर्ण हो पायेगी जब हर गरीब तक हमारी खुशी पहुंचेगी। कम से कम एक गरीब परिवार में आप दीपावली की मिठाई पहुंचाने का प्रयास अवश्य करें और मिठाई देकर उसके साथ सेल्फी लेकर उसकी खुशी को अपलोड करके दुनिया को बतायंे कि हम त्योहारों को मिलकर मनाते हैं तभी दीपावली मिलन का कार्यक्रम और भव्य रूप प्राप्त करेगा। दीपावली पर्व की खुशी आपके जीवन में इसी प्रकार की समृद्धि, खुशी लाती रहेगी।
इस अवसर पर मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने कहा कि त्रेतायुग में भगवान श्रीराम ने निषादराज को गले लगाकर सम्मान दिया था। आज श्रृंगवेरपुर में निषादराज की विशाल मूर्ति की स्थापना समेत अनेक कार्यों से वही सम्मान मुख्यमंत्री दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार त्रेतायुग में सभी लोग बिना भेदभाव एकसाथ रहते थे, वैसा ही शासन मुख्यमंत्री जी बना रहे हैं।
कार्यक्रम को विधायक महेंद्रपाल सिंह एवं विपिन सिंह ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



